भिलाई के लिस्टेड गुंडे ने राजनांदगांव में साले पर किया चाकू से हमला, आरोपी जीजा गिरफ्तार

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत पारिवारिक विवाद के चलते एक जीजा द्वारा अपने साले के घर में घुसकर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पति इस बात से नाराज था कि उसकी पत्नी मायके में रह रही है और दोनों का तलाक का मामला कोर्ट में लंबित है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

देर रात छत के रास्ते कमरे में घुसा आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी की बहन की शादी वर्ष 2018 में भिलाई निवासी राजेन्द्र बेनसा के साथ हुई थी। पति की प्रताड़ना से तंग आकर महिला अपने मायके राजनांदगांव में रह रही थी और दोनों का तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा है।

दिनांक 3 जुलाई की दरमियानी रात करीब 3:30 बजे प्रार्थी अपने बुआ के लड़के आशीष शेण्डे के साथ घर के ऊपरी कमरे में सोया हुआ था। इसी दौरान उसका जीजा राजेन्द्र बेनसा पड़ोस के मकान की छत के रास्ते कमरे में दाखिल हुआ और सोते हुए साले के बाएं घुटने पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। प्रार्थी के चिल्लाने पर जब आशीष बीच-बचाव करने जागा, तो आरोपी अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।

भिलाई नगर थाने का लिस्टेड बदमाश है आरोपी
कोतवाली पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 330/26, धारा 296, 351(2), 333 बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज किया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी राजेन्द्र बेनसा भिलाई नगर थाने का लिस्टेड गुंडा-बदमाश है, जिसके खिलाफ पूर्व में धारा 307 (हत्या का प्रयास) और आबकारी एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।

आरोपी का विवरण:
नाम: राजेन्द्र बेनसा (उम्र 36 साल)

पिता: लखन लाल बेनसा

निवासी: रूआबांधा बस्ती, बजरंग चौक, भिलाई (थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग)

अधिकारियों के मार्गदर्शन में टीम ने दी दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेण्डर किरों के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार चाकू जब्त किया गया।

“पारिवारिक रंजिश के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।”
— उपेंद्र कुमार शाह, थाना प्रभारी, सिटी कोतवाली राजनांदगांव

इस सराहनीय व त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार साहू, सउनि. इसराफिल खान, आरक्षक लिलेन्द्र पटेल, श्रीनिवास राव और प्रकाश कुर्रे की मुख्य भूमिका रही।

अपने दोस्तों को शेयर करें :