जनदर्शन बना दुरपति बाई के लिए राहत का जरिया, एक दिन में राशन कार्ड में जुड़ा बेटियों का नाम

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्टर जनदर्शन आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। इसका एक उदाहरण डोंगरगढ़ तहसील के ग्राम चीरपानी निवासी दुरपति बाई बंजारे के मामले में देखने को मिला, जिनकी समस्या का समाधान आवेदन देने के अगले ही दिन कर दिया गया।

दुरपति बाई ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर बताया था कि उनकी दोनों बेटियों के नाम परिवार के राशन कार्ड में दर्ज नहीं हैं। इसके कारण उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली और खाद्य सुरक्षा योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग और संबंधित अधिकारियों ने तत्काल जांच कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद राशन कार्ड में दोनों बेटियों के नाम जोड़ दिए गए। आवेदन मिलने के मात्र एक दिन के भीतर समस्या का निराकरण होने से परिवार को बड़ी राहत मिली।

अब दुरपति बाई का परिवार शासन की खाद्य सुरक्षा योजनाओं का पूरा लाभ प्राप्त कर सकेगा। समस्या के शीघ्र समाधान पर दुरपति बाई ने जिला प्रशासन और कलेक्टर जनदर्शन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इतनी जल्दी कार्रवाई होने से उन्हें काफी राहत मिली है।

जिला प्रशासन का कहना है कि कलेक्टर जनदर्शन के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण कर उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

अपने दोस्तों को शेयर करें :