राजनांदगांव। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) युवा मोर्चा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसुल आलम के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिले की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर मोर्चा खोल दिया है। आबकारी, खनिज, आरटीओ और ट्रैफिक विभाग से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर मोर्चा ने जिलाधीश के नाम तहसीलदार को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है, साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
जोगी युवा मोर्चा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसुल आलम ने बताया कि बीते 11 जून 2026 को उड़नदस्ता की टीम ने मोहारा स्थित शराब दुकान में सेल्समैन को ओवररेटिंग करते हुए रंगेहाथ पकड़ा था। आलम ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, क्योंकि मोहारा शराब दुकान के सुपरवाइजर के रिश्तेदार खुद आबकारी विभाग में निरीक्षक हैं। इसके अलावा प्लेसमेंट एजेंसी (आईएसआई) कंपनी के लोकेशन ऑफिसर जायसवाल की भूमिका भी संदेहास्पद है।
मोर्चा ने मांग की है कि शराब दुकान के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर सच सामने लाया जाए। एरिया इंस्पेक्टर को तत्काल निलंबित किया जाए। एसआईएस कंपनी के लोकेशन ऑफिसर, दुकान के सुपरवाइजर और सेल्समैन को ब्लैकलिस्टेड किया जाए।
शमसुल आलम ने कहा कि जब से यह निजी कंपनी आई है, पड़ोसी जिले खैरागढ़ और मोहला-मानपुर में भी अवैध शराब की गतिविधियां बढ़ी हैं, जिन पर हाल ही में आबकारी आयुक्त द्वारा कड़ी कार्रवाई करते हुए कई जिलों के एरिया इंस्पेक्टरों को सस्पेंड किया गया है।
ज्ञापन में शहर के भीतर चल रहे अवैध उत्खनन और खनिज माफियाओं पर भी निशाना साधा गया है। जोगी कांग्रेस ने मांग की है कि खनिज विभाग द्वारा जिले में जितने भी रेत, मुरुम और क्रेशर खदानों को अनुमति दी गई है, उनका नए सिरे से पुनः सीमांकन कराया जाए ताकि अवैध उत्खनन पर लगाम लग सके। इसके साथ ही, सड़कों पर दौड़ रही रेत और मुरुम से भरी ओवरलोड गाड़ियों और मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से डाला (बॉडी) बढ़ाकर चल रहे वाहनों पर आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जाए।
मनगट्टा स्थित रिसॉर्ट और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ जिलाधीश द्वारा की गई ऐतिहासिक कार्रवाई का जोगी कांग्रेस ने स्वागत किया और प्रशासन को बधाई दी। इसके साथ ही मांग की गई कि वहां पूर्व में बने हुए रिसॉर्ट और अन्य प्लॉटिंग की भी निष्पक्ष जांच कर उनका पुनः सीमांकन कराया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान तहसीलदार ने जोगी युवा मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को तत्काल प्रभाव से कलेक्टर तक पहुंचाया जाएगा और इस पर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष बिलाल सोलिन खान, विधानसभा अध्यक्ष नमन पटेल, जिला महासचिव ऋषभ रामटेके, मुकेश साहू, ईश्वर देवांगन सहित बड़ी संख्या में जोगी कांग्रेस के कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।

