चिखली मुक्तिधाम में चला स्वच्छता अभियान, शक्तिधाम समिति ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शक्तिधाम अघोर शोध एवं जनकल्याण आश्रम, बाबूटोला द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा अभियान की शुरुआत की गई। इसी कड़ी में रविवार को चिखली मुक्तिधाम परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता और हरियाली का संदेश दिया गया।
गुरुदेव हरीश यादव के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में समिति के सदस्यों ने मुक्तिधाम परिसर की साफ-सफाई कर लोगों से भी सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की। इस दौरान गुरुदेव श्री यादव ने कहा कि अघोर परंपरा में श्मशान का विशेष महत्व है। यह केवल आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र ही नहीं, बल्कि जीवन के अंतिम सत्य का बोध कराने वाला पवित्र स्थल भी है। इसलिए ऐसे स्थानों की स्वच्छता और संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि स्वच्छता पखवाड़ा के तहत आगामी रविवार को रेलवे स्टेशन में यात्रियों को शीतल जल वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक रविवार को शहर के विभिन्न वार्डों में स्थित मुक्तिधामों और श्मशानों में सफाई अभियान चलाने तथा वृक्षारोपण करने की योजना बनाई गई है। लगाए जाने वाले पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी स्थानीय सदस्यों को सौंपी जाएगी, ताकि पौधों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
अभियान में शहर के समाजसेवी एवं होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. उत्तम चावड़ा ने भी सहभागिता निभाई। वहीं समिति के दुर्गा यादव, कौशल मानिकपुरी, पिंटू देवांगन, श्रेष्ठा यादवख् कृष्टि बरसागढ़े, सिद्धार्थ, पिंटू निषाद, प्रशांत वर्मा, चंद्रेश साहू, किशन चौरसिया, लव यादव, बिट्टू रामटेके, राकेश देवांगन, श्यामू साहू, लक्की धनकर, विक्रांत यादव, आशीष साहू, युवराज, अक्षय देवांगन सहित अनेक सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे।
गुरुदेव श्री यादव ने नागरिकों से अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की सहभागिता से ही स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को सफल बनाया जा सकता है। समिति की यह पहल शहर में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :