महाराष्ट्र सीमा के करीब मोहला-मानपुर जंगल में बाघ की आमद, वन महकमा अलर्ट

अपने दोस्तों को शेयर करें :

मोहला-मानपुर। महाराष्ट्र सीमा के नज़दीकी जंगल में बाघ की मौजूदगी का पता चलते ही वन महकमा ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिले के दक्षिण वन परिक्षेत्र में कल बाघ की आमद सामने आई थी और उसने एक पालतू गाय का शिकार भी कर लिया। वन विभाग ने बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए संभावित क्षेत्र में पेड़ों पर कैमरे लगाए हैं।

डी.एफ.ओ. दिनेश पटेल ने बताया कि 01 दिसंबर को औंधी तहसील क्षेत्र के ग्राम नवागढ़ में एक पालतू गाय के शिकार की सूचना मिली। मौके पर जाकर वन अमला ने मुआयना किया और बाघ के पगमार्क पाए। उन्होंने बताया कि तेंदुआ या चीता जैसी बड़ी बिल्लियों के लिए इतनी भारी गाय उठाना संभव नहीं है, इसलिए यह स्पष्ट है कि बाघ ने ही शिकार किया।

पटेल ने कहा कि शिकार की लालच में बाघ के क्षेत्र में दोबारा आने की संभावना प्रबल है। इसी कारण दक्षिण वन परिक्षेत्र के नवागढ़ गांव के वन भूमि कक्ष क्रमांक 1080 में अलग-अलग स्थानों पर तीन कैमरे लगाए गए हैं। डी.एफ.ओ. ने बताया कि बाघ महाराष्ट्र की ओर से विचरण करते हुए छत्तीसगढ़ में दाखिल हुआ हो सकता है।

वन विभाग ने ग्रामीणों को अकेले जंगल में नहीं जाने, सतर्क रहने और सुरक्षित रहने की सलाह दी है। क्षेत्रीय वन महकमा भी लगातार अलर्ट मोड में है और कैमरे के जरिए बाघ की गतिविधियों की जानकारी जुटाने का प्रयास जारी है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!