राजनांदगांव। शहर के पुराना बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास अवैध रूप से शराब बेच रहे दूसरे राज्यों के दो शातिर बदमाशों को सिटी कोतवाली पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं, जिनके खिलाफ छत्तीसगढ़ के अलग-अलग थानों में दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और चोरी जैसे संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश, एएसपी कीर्तन राठौर व सीएसपी अलेक्जेंडर किंडो के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों और अवैध शराब तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि पुराना बस स्टैंड यात्री प्रतीक्षालय के पास दो व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
मोहम्मद मकसूद अली (35 वर्ष), पिता स्व. अलमास अली, निवासी सिनापल्ली, थाना धनकोटा, जिला संबलपुर (उड़िसा)।
किशोर भट्टाचार्य (43 वर्ष), पिता निरोद भट्टाचार्य, निवासी चोपना, जिला बैतूल (मध्य प्रदेश)।
शराब और नगदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 53 पौवा देशी प्लेन शराब (रोमियो ब्रांड), जिसकी मात्रा 9.540 बल्क लीटर और कीमत 4 हजार 240 रुपये है, जब्त की है। इसके साथ ही शराब बिक्री की नगद राशि 1 हजार 370 रुपये सहित कुल 5 हजार 610 रुपये का माल बरामद कर आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पकड़े गए दोनों आरोपी बेहद शातिर और आदतन अपराधी हैं, जिनका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है:
मोहम्मद मकसूद अली: इसके खिलाफ रायपुर के डीडी नगर थाने में चोरी और डोंगरगढ़ थाने में नकबजनी, चोरी के प्रयास व डकैती की योजना बनाने जैसे गंभीर मामलों में चालान पेश हो चुका है।
किशोर भट्टाचार्य: इसके खिलाफ चिखली पुलिस चौकी में वर्ष 2023 में दुष्कर्म (376) और 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत संगीन मामला दर्ज है।
मकान मालिकों से पुलिस की विशेष अपील
राजनांदगांव पुलिस ने इस कार्रवाई के बाद आम नागरिकों और मकान मालिकों से एक विशेष अपील की है। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए दोनों आरोपी मध्य प्रदेश और ओडिशा जैसे बाहरी राज्यों के रहने वाले हैं, जो शहर के व्यस्ततम इलाके में अवैध गतिविधियां संचालित कर रहे थे। इसलिए शहरवासी किसी भी बाहरी प्रांत के व्यक्ति को बिना पूरी तस्दीक और जांच-पड़ताल किए किराए पर मकान न दें। बाहरी किरायेदारों को रखने से पहले उनकी सूचना और दस्तावेज नजदीकी थाने में अनिवार्य रूप से जमा कराएं।
इस टीम की रही मुख्य भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह, प्रधान आरक्षक जी. सिरिल कुमार और थाना पेट्रोलिंग पार्टी की सराहनीय एवं मुस्तैद भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि आगे भी अवैध शराब की बिक्री और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

