राजनांदगांव। ममता नगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक सूने गोदाम से लाखों रुपये का अनाज पार करने वाले चोरों के बाद अब पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले दो शातिर व्यापारियों को दबोचा है। सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी का सोयाबीन, चना और करीब 2 लाख 42 हजार 500 रुपये नगद सहित कुल 2 लाख 43 हजार 960 रुपये का मशरुका जब्त किया है। बता दें कि इस मामले के दो मुख्य चोरों को पुलिस एक दिन पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
मामले का विवरण देते हुए कोतवाली पुलिस ने बताया कि प्रार्थी ने 3 जून 2026 की रात थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि औद्योगिक क्षेत्र ममता नगर स्थित उसके अनाज गोदाम में मार्च 2026 से रखा चना खंडा, सोयाबीन और मसूर (कुल कीमती लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये) को कोई अज्ञात चोर पार कर गया है। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध क्रमांक 286/2026, धारा 331 (3), 305 (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश, एएसपी कीर्तन राठौर व सीएसपी अलेक्जेंडर किंडो के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने गोदाम और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज से मिले सुराग और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सबसे पहले मुख्य आरोपी राहुल कुर्रे (निवासी पुराना ढाबा, सतनामी पारा, लालबाग) और दिनेश साहू (निवासी शिव नगर, ढाबा रोड, चिखली) को घेराबंदी कर पकड़ा। इनके पास से अनाज बिक्री की रकम 7 हजार 900 रुपये जब्त कर इन्हें एक दिन पहले ही न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।
मेमोरेंडम कथन के आधार पर दबोचे गए खरीददार
पुलिस अभिरक्षा में मुख्य आरोपियों ने मेमोरेंडम कथन में कुबूल किया कि उन्होंने चोरी का सारा अनाज दो स्थानीय व्यापारियों को बेचा था। इसके आधार पर कोतवाली पुलिस ने आज 5 जून 2026 को दबिश देकर दोनों खरीददार व्यापारियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी का अनाज खरीदना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
देवेन्द्र साहू (35 वर्ष), पिता संतराम साहू, निवासी ग्राम बरगाही, चौकी सुकुलदैहान (थाना लालबाग)।
जयंत कुमार अग्रवाल (50 वर्ष), पिता स्व. पन्ना लाल अग्रवाल, निवासी शांति नगर, ढाबा रोड, चौकी चिखली (राजनांदगांव)।
यह सामान हुआ जब्त:
पुलिस ने दोनों व्यापारियों के कब्जे से 29 किलोग्राम सोयाबीन (कीमती 1160 रुपये), 05 किलोग्राम चना (कीमती 300 रुपये) और अनाज बेचने से प्राप्त नगदी रकम 2,42,500 रुपये, इस प्रकार कुल 2,43,960 रुपये का माल जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की है।
इस टीम की रही मुख्य भूमिका
अनाज चोरी के इस बड़े मामले का पटाक्षेप करने में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह, सहायक उपनिरीक्षक इसराफिल खान, प्रधान आरक्षक संदीप चौहान और थाना पेट्रोलिंग टीम की सराहनीय भूमिका रही।

