पत्नी की दूसरी शादी से नाराज पूर्व पति ने भाई के साथ मिलकर दूसरे पति पर किया जानलेवा हमला, दोनों आरोपी गिरफ्तार

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। पत्नी द्वारा दूसरी शादी कर लेने से नाराज एक व्यक्ति ने अपने भाई के साथ मिलकर महिला के दूसरे पति पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना की रिपोर्ट पर चिखली पुलिस चौकी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं, जिनके खिलाफ पहले से ही हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे दर्जनों गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने ३ जून २०२६ को चौकी चिखली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी सोनू साहू निवासी चिखली जब पूर्व में जेल में बंद था, उसी दौरान उसकी पत्नी से प्रार्थी की जान-पहचान हुई थी। बाद में दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे और आपसी सहमति से विवाह कर लिया। सोनू साहू जब जेल से छूटकर बाहर आया, तो पत्नी की दूसरी शादी से वह बुरी तरह नाराज हो गया और प्रार्थी से रंजिश रखने लगा।

बातचीत के बहाने घर बुलाया और कर दिया हमला
इसी पुरानी रंजिश को लेकर २ जून २०२६ को आरोपी सोनू उर्फ प्रदीप ने अपने भाई राजा साहू उर्फ सूरज के साथ मिलकर प्रार्थी को बातचीत करने के बहाने अपने घर बुलाया। वहां दोनों भाइयों ने प्रार्थी को जान से मारने की नीयत से घेर लिया और बांस के डंडे तथा धारदार कटारनुमा चाकू से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा २९६, ११५(२), १०९(१) और ३(५) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित, दुर्ग और चिखली से दबोचे गए
मामला गंभीर और आदतन अपराधियों से जुड़ा होने के कारण पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में चौकी चिखली पुलिस की एक विशेष टीम तैयार की गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी राजा साहू को चिखली से और मुख्य आरोपी सोनू उर्फ प्रदीप साहू को दुर्ग से अभिरक्षा में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

जब्ती: पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त १ नग लोहे का कटारनुमा चाकू और १ नग बांस का डंडा जब्त किया है।

आरोपियों का लंबा है आपराधिक इतिहास
पकड़े गए दोनों भाइयों का पुराना और लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है:

सोनू साहू उर्फ प्रदीप (३६ वर्ष): इसके खिलाफ वर्ष २०१० से अब तक हत्या के प्रयास (३०७), लूट (३९२), आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत करीब २० से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। इसके अलावा कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है।

राजा उर्फ सूरज साहू (३७ वर्ष): इसके विरुद्ध भी हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और आबकारी एक्ट के तहत १५ से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं।

इस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई में चिखली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कैलाश चंद्र मरई, उपनिरीक्षक राकेश पटेल, सहायक उपनिरीक्षक शत्रुहन टंडन, प्रधान आरक्षक अरुण कुमार नेताम, आरक्षक सुनील बैरागी, चंद्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, आदित्य सोलंकी, किशोर मार्बल सहित चिखली स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

अपने दोस्तों को शेयर करें :