नगर निगम के 8 कर्मचारी सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई देकर किया सम्मानित

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। नगर पालिक निगम में कार्यरत एक लाइनमैन एवं सात सफाईकर्मियों को अधिवार्षिकी आयु पूर्ण होने पर सोमवार को भावभीनी विदाई दी गई। निगम सभागार में आयोजित समारोह में आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा अवकाश नकदीकरण के चेक प्रदान किए।

सेवानिवृत्त होने वालों में विद्युत विभाग के लाइनमैन अरुण कुमार साहू तथा स्वास्थ्य विभाग के सफाईकर्मी श्रीमती अल्का, श्रीमती कमला, श्रीमती प्रेमाबाई तुर्केल, श्रीमती अमिता सोनेकर, राजू रमेशर, मंगलूराम और राजूलाल रंगड़े शामिल हैं। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे एवं संविदा कार्यपालन अभियंता यू.के. रामटेके भी मौजूद रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने कहा कि सफाई और विद्युत जैसे महत्वपूर्ण विभागों में कार्यरत कर्मचारियों ने वर्षों तक निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम की विभिन्न सेवाओं का सुचारू संचालन कर्मचारियों की मेहनत और प्रतिबद्धता से ही संभव हो पाता है।

आयुक्त ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जिस लगन और ईमानदारी से उन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया, उसी समर्पण भाव से वे अपने पारिवारिक दायित्वों का भी निर्वहन करें। उन्होंने सभी कर्मचारियों के स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।

कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे और यू.के. रामटेके ने भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सेवाओं की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी कार्यालय अधीक्षक नारायण यादव ने किया। समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन, निगम के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :