राजनांदगांव। आगामी मानसून को देखते हुए नगर निगम ने शहर में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए बड़े नालों और नालियों की सफाई अभियान तेज कर दिया है। महापौर मधुसूदन यादव और निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के निर्देश पर मार्च माह से शुरू किए गए अभियान के तहत शहर के प्रमुख नालों की चरणबद्ध सफाई कराई जा रही है।
नगर निगम की स्वास्थ्य शाखा द्वारा जेसीबी मशीन और सफाई गैंग के माध्यम से प्रतिदिन नाला सफाई का कार्य किया जा रहा है। अभियान की नियमित निगरानी महापौर और आयुक्त स्वयं कर रहे हैं। वहीं प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा और स्वच्छता निरीक्षक दीपक श्रीवास्तव विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं।
निगम आयुक्त ने बताया कि बरसात के दौरान पानी की निकासी सुचारू बनाए रखने तथा निचली बस्तियों में जलभराव की समस्या से बचाव के लिए पहले चरण में नंदई चौक, प्रभात नगर, राजीव नगर, इंदिरा नगर, कन्हारपुरी, बीके नगर, शांति नगर, महामाया चौक, भरकापारा, कलेक्टोरेट क्षेत्र, गांधी चौक, बासपाई पारा और श्रीराम अस्पताल क्षेत्र सहित कई प्रमुख नालों की सफाई पूरी कर ली गई है।
वर्तमान में मुरारजी पुलिया, पुराने बस स्टैंड के सामने तथा नंदई क्षेत्र के बड़े नालों की सफाई जेसीबी मशीनों से की जा रही है। दूसरे चरण में नवागांव, नई गंज मंडी, मोहारा रोड, लखोली, कन्हारपुरी और जीई रोड सहित अन्य क्षेत्रों के नालों की सफाई कराई जाएगी।
महापौर मधुसूदन यादव और आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन क्षेत्रों में अभी तक नाला सफाई नहीं हुई है, वहां तत्काल अभियान शुरू किया जाए। जहां मशीनों से सफाई संभव नहीं है, वहां विशेष सफाई दल बनाकर कार्य कराया जाए।
उन्होंने ग्रीष्मकालीन बीमारियों की रोकथाम के लिए जल शुद्धिकरण, फॉगिंग, सड़े-गले फल एवं सब्जियों के निस्तारण तथा तालाबों में चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने के भी निर्देश दिए। साथ ही सभी वार्डों में नियमित सफाई और कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

