सुशासन तिहार : भारती को मिला सुपोषण किट का उपहार

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। सुशासन तिहार के तहत छुरिया विकासखंड के दूरस्थ ग्राम जोब में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर गर्भवती महिलाओं के लिए खास बन गया। शिविर में पहुंचीं श्रीमती भारती वैष्णव को गोद भराई की रस्म के दौरान सुपोषण किट भेंट की गई, जिससे उनके चेहरे पर खुशी झलक उठी।
सुपोषण किट मिलने पर भारती वैष्णव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ रहेंगे। उन्होंने बताया कि शिविर में गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। महिलाओं को फल, विभिन्न प्रकार की दालें, भाजी और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक व्यंजनों का सेवन करने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में प्रोटीन, विटामिन, खनिज एवं अन्य पोषक तत्वों से भरपूर आहार की जानकारी भी दी गई। महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान संतुलित भोजन और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।
भारती वैष्णव ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए शासन की महत्वपूर्ण योजना है, जिसके तहत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में यह योजना सराहनीय पहल है।
उन्होंने बताया कि शिविर में महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी सत्यापन, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड सहित विभिन्न प्रकार के कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को काफी सुविधा मिल रही है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :