राजनांदगांव। आगामी पंचायत चुनाव, पर्व-त्योहार और संवेदनशील अवसरों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों की महत्वपूर्ण कानून व्यवस्था समीक्षा बैठक ली। बैठक में कानून व्यवस्था, विजिबल पुलिसिंग, त्वरित रिस्पांस और पुलिस अनुशासन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, एसडीओपी डोंगरगढ़, एसडीओपी डोंगरगांव, डीएसपी मुख्यालय, डीएसपी ऑपरेशंस सहित जिले के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व में घटित संवेदनशील घटनाओं को केस स्टडी के रूप में प्रस्तुत कर थाना प्रभारियों और फील्ड अधिकारियों को कानून व्यवस्था संबंधी परिस्थितियों के पूर्वानुमान, त्वरित निर्णय क्षमता और प्रभावी पुलिस रिस्पांस के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई।
क्विक रिस्पांस टीम की कार्यप्रणाली की समीक्षा
एसपी अंकिता शर्मा ने जिले में गठित “लॉ एंड ऑर्डर क्विक रिस्पांस टीम” की समीक्षा करते हुए बताया कि टीम का गठन करीब एक माह पहले किया गया था। यह टीम पुलिस लाइन एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हर समय रेडी मोड में तैनात रहती है। किसी भी कानून व्यवस्था की स्थिति में टीम 10 से 15 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। बेहतर रिस्पांस टाइम और तत्परता के लिए रिजर्व इंस्पेक्टर की सराहना भी की गई।
पेट्रोलिंग बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के निर्देश
बैठक में सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग बढ़ाने, जरूरतमंद लोगों की संवेदनशीलता के साथ मदद करने, संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की उपस्थिति बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग पर फोकस
एसपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अफवाह, भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों पर साइबर मॉनिटरिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना मिलने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही अफवाहों के प्रभावी खंडन के लिए समय-समय पर अधिकृत सूचना जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
शांति समिति बैठकों पर जोर
चुनाव एवं पर्व-त्योहारों के दौरान सामाजिक और धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के लिए शांति समिति की बैठकें आयोजित करने तथा जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों के साथ सतत संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
मॉक ड्रिल और रात्रि गश्त होगी मजबूत
बैठक में रात्रि गश्त को और अधिक सुदृढ़ करने, गुंडा-बदमाशों की नियमित चेकिंग, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता की समीक्षा के लिए नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने की रणनीति भी बनाई गई।
एसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना राजनांदगांव पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी-कर्मचारी पूर्ण अनुशासन, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि जिले में शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखा जा सके।


