उर्वरक कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, तीन केंद्रों पर 1350 बोरी से अधिक खाद जब्त, परिसर सील

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। जिले में उर्वरकों की अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी पर लगाम कसते हुए कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने तीन कृषि केंद्रों पर औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान कुल 1350 से अधिक बोरी उर्वरक जब्त कर विक्रय केंद्रों को सील किया गया।

कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के तहत डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम मुसराखुर्द स्थित मेसर्स लोधी कृषि केंद्र में 450 बोरी यूरिया बिना ओ-फार्म लाइसेंस में दर्ज पाए जाने पर जब्त कर गोदाम सील किया गया।

इसी तरह ग्राम मोहारा स्थित मेसर्स महादेव कृषि केंद्र में पॉश मशीन और भौतिक स्टॉक में अंतर मिलने पर 36 बोरी यूरिया, 28 बोरी डीएपी एवं 99 बोरी एनपीके उर्वरक जप्त कर विक्रय परिसर सील कर दिया गया।

वहीं राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सुकुलदैहान स्थित मेसर्स राजा कृषि केंद्र में 900 बोरी यूरिया बिना लाइसेंस प्रविष्टि के भंडारित पाए जाने पर उसे जब्त कर 21 दिनों के लिए विक्रय प्रतिबंध लगाया गया और परिसर सील कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 के उल्लंघन पर की गई है। संबंधित विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उप संचालक कृषि श्री टीकम सिंह ठाकुर ने कहा कि जिले में किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार डोंगरगढ़ श्री अमीय श्रीवास्तव, अतिरिक्त तहसीलदार श्री सोनित मेरिया, अनुभागीय कृषि अधिकारी श्री संतलाल देशलहरे सहित कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :