सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश, नियम तोड़ने वालों पर होगी चालानी कार्रवाई : कलेक्टर

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर को कम करने के लिए दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष ध्यान देते हुए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों सहित प्रमुख सड़कों पर स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर और हाईमास्ट लाइट लगाने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य मार्गों पर नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों पर नियमित जांच कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अव्यवस्थित पार्किंग से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ती है।

उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने पर जोर देते हुए बिना हेलमेट वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, शराब पीकर वाहन चलाने और मोबाइल फोन के उपयोग से बचने के लिए भी लोगों को जागरूक करने को कहा।

कलेक्टर ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमित रूप से चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने सड़क सुरक्षा के तहत किए जा रहे कार्यों, ब्लैक स्पॉट चिन्हांकन, दुर्घटना स्थिति एवं जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा सहित पुलिस, लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :