राजनांदगांव। जिले में 4 जून 2026 को छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा डी.एड प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए जिले में 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें कुल 6712 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक होगी। वहीं परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार सुबह 9.30 बजे बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
व्यापम के निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैग, कैलकुलेटर, इयरफोन, धात्विक वस्तुएं एवं किसी भी प्रकार की नकल सामग्री ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षार्थियों को केवल नीले अथवा काले बॉल पेन के उपयोग की अनुमति होगी तथा उन्हें आधी बाजू वाले सादे एवं हल्के रंग के कपड़ों में उपस्थित होना होगा।
परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक केंद्र पर हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर से फ्रिस्किंग, मैनुअल जांच एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। महिला परीक्षार्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मी तथा पुरुष परीक्षार्थियों की जांच पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा की जाएगी।
इसके अलावा परीक्षा के निष्पक्ष संचालन के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, उड़नदस्ता दल, नोडल अधिकारी, पुलिस नोडल अधिकारी एवं पर्यवेक्षक दल की नियुक्ति की गई है, जो पूरे परीक्षा अवधि में सतत निगरानी करेंगे।
जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचे, सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें तथा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष परीक्षा संचालन में सहयोग प्रदान करें।

