सुशासन तिहार के आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण करें, कोताही बर्दाश्त नहीं : कलेक्टर

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्टर जितेंद्र यादव ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) की बैठक में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आयोजित शिविरों में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर मौके पर ही गुणवत्ता जांच करने और पात्र हितग्राहियों को त्वरित लाभ देने के कड़े निर्देश दिए।

खास बात यह रही कि कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में ईंधन संरक्षण और शासकीय व्यय में मितव्ययिता (खर्च में कटौती) का प्रभावी पालन किया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में एसडीएम, सीईओ, सीएमओ सहित कई ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअली शामिल हुए।

बिजली सब-स्टेशनों में हों अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
कलेक्टर ने तेज गर्मी और बढ़ते तापमान को ध्यान में रखते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को अलर्ट किया। उन्होंने जिले के सभी विद्युत सब-स्टेशनों और ट्रांसफार्मरों में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि संभावित आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, नियमित निरीक्षण और तकनीकी खामियों का समय पर निराकरण किया जाए, ताकि विद्युत आपूर्ति बाधित न हो और जनसुरक्षा बनी रहे।

खाद की कालाबाजारी पर कसेगा शिकंजा
खेती-किसानी के सीजन को देखते हुए कलेक्टर ने जिले में खाद भण्डारण और वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिले की सहकारी समितियों में खाद का पर्याप्त भण्डारण है और किसानों को इसका वितरण किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को दोटूक निर्देश दिए कि जिले में अवैध रूप से खाद का विक्रय (कालाबाजारी) और भण्डारण करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

जनदर्शन के लंबित मामलों पर जताई नाराजगी
बैठक में कलेक्टर ने पीजी पोर्टल, पीजीएन जन शिकायत, मुख्यमंत्री जनदर्शन और कलेक्टर जनदर्शन के लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की। विभागवार समीक्षा के दौरान मामलों के लंबित रहने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और सभी विभागों को प्राथमिकता के आधार पर तय समय-सीमा में शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनदर्शन के आवेदनों के निराकरण की जानकारी संबंधित आवेदकों को भी अनिवार्य रूप से दी जाए।

ई-केवाईसी और स्वामित्व योजना में लाएं तेजी:
कलेक्टर ने महतारी वंदन योजना के अंतर्गत हितग्राहियों के ई-केवाईसी (e-KYC) कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि महिलाओं को योजना का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे। इसके अलावा उन्होंने जिले में संचालित ‘स्वामित्व योजना’ के कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर हितग्राहियों को समय पर दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम डोंगरगढ़ एम भार्गव सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :