राजनांदगांव। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान सर्वोच्च न्यायालय द्वारा फालोदी में हुई सड़क दुर्घटना के बाद जारी आवश्यक दिशा-निर्देशों के पालन में शुरू किया गया।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशन में राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग, यातायात बाधा डालने वाले वाहन और बिना कवर किए व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ सघन कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान चालान के माध्यम से 35 हजार रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री अनिल भगत ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित ढाबों और पंचर दुकानों द्वारा अवैध रूप से रखी गई सामग्री भी हटाई गई। संबंधित संचालकों को समझाइश देते हुए सड़क किनारे रखी गई सामग्री हटवाई गई और यातायात सुगम बनाया गया।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई जारी रहेगी और नागरिकों तथा वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और राष्ट्रीय राजमार्ग को सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।

