सूने मकानों में चोरी करने वाला अंतर्राज्यीय चोर गिरफ्तार, दो घरों में एक ही दिन वारदात

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। चौकी चिखली और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाने वाले अंतर्राज्यीय चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी गोपाल देवांगन उर्फ चोरू (36) को गिरफ्तार कर उसके पास से सोना-चांदी के आभूषण, नगदी और चोरी में उपयोग की गई दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस के मुताबिक, 21 अप्रैल 2026 को बजरंगपुर नवागांव निवासी धीरेन्द्र देवांगन ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि परिवार शादी में गया था और घर सूना था। इसी दौरान अज्ञात चोर ने ताला तोड़कर घर में रखे सोना-चांदी और नगदी सहित करीब 1.97 लाख रुपए पार कर दिए। वहीं पड़ोसी के घर से भी करीब 10,850 रुपए की चोरी हुई थी।

मामले में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में चिखली चौकी व साइबर सेल की टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर पुलिस को सुंदरा क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति के घूमने की जानकारी मिली।

पुलिस ने घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम गोपाल देवांगन उर्फ चोरू बताया और एक ही दिन में दो सूने मकानों में चोरी करना कबूल किया। आरोपी की निशानदेही पर नगदी 15,400 रुपए, सोने-चांदी के आभूषण, चोरी के औजार और दो मोटरसाइकिल बरामद की गईं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ राजनांदगांव, दुर्ग और महाराष्ट्र में चोरी व नकबजनी के कई मामले पहले से दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में चौकी चिखली और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही।

अपने दोस्तों को शेयर करें :