राजनांदगांव। शहर के लालबाग थाना क्षेत्र के ग्राम कविराज टोलागांव में सोमवार सुबह एक खूनी वारदात से सनसनी फैल गई। चरित्र शंका और आपसी रंजिश के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी की टंगिया (कुल्हाड़ी) मारकर हत्या कर दी। लालबाग पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घेराबंदी की और महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को दबोच लिया।
वारदात: शौचालय जाते वक्त मोपेड से पीछा कर हमला किया
सोमवार सुबह करीब 6:40 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कविराज टोलागांव के शासकीय शौचालय के पास एक महिला की लहूलुहान लाश पड़ी है। आरोपी रंजीत पारधी को पता था कि उसकी पत्नी पूर्णिमा सुबह शौचालय की ओर जाएगी। वह अपनी टीवीएस मोपेड पर टंगिया लेकर घात लगाकर बैठा था। जैसे ही पूर्णिमा दिखी, रंजीत ने उसके सिर पर टंगिया से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वजह: 1 साल से भाई के साथ रह रही थी पत्नी
पुलिस की पूछताछ में आरोपी रंजीत ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया:
उसकी शादी 13 साल पहले पूर्णिमा से हुई थी और उनके 3 बच्चे हैं।
पिछले 1 साल से पूर्णिमा उसे छोड़कर उसके चचेरे भाई सूरज पारधी के साथ पत्नी बनकर रह रही थी।
इसी पारिवारिक विवाद और रंजिश के चलते उसने हत्या का खौफनाक कदम उठाया।
पुलिस एक्शन: 4 पॉइंट्स में समझें पूरी कार्रवाई
सूचना पर तुरंत एक्शन: एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश पर थाना प्रभारी रमेश पटेल और उनकी टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
नया कानून लागू: मामले में बीएनएस (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज किया गया।
जब्ती: आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर हत्या में इस्तेमाल टंगिया, टीवीएस मोपेड और खून से सने कपड़े बरामद किए गए।
जेल रवानगी: आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इनकी रही मुख्य भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक रमेश पटेल, उप निरीक्षक प्रमोद श्रीवास्तव, ए.पी. शीला, आरक्षक कमल किशोर, बर्मा प्रसाद और राकेश धुर्वे का विशेष योगदान रहा।

