जिला पुलिस राजनांदगांव, छत्तीसगढ़
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर एकता दिवस परेड का लाइव प्रसारण पुलिस लाइन एवं समस्त थाना-चौकियों में देखा गया
दिनांक – 31 अक्टूबर 2026
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में गुजरात के एकता नगर, केवड़िया में आयोजित एकता दिवस परेड का लाइव प्रसारण जिला पुलिस राजनांदगांव द्वारा पुलिस लाइन सहित जिले के समस्त थानों एवं चौकियों में देखा गया।
पुलिस लाइन राजनांदगांव में आयोजित लाइव प्रसारण कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक, राजनांदगांव रेंज श्री अजय यादव, पुलिस अधीक्षक, राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं श्रीमती मंजुलता बाज, नगर पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य कुमार, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री सुमन जायसवाल, श्री एम्ब्रोस कुजूर, श्री के.पी. मरकाम, श्री सत्यप्रकाश तिवारी तथा रक्षित निरीक्षक श्री लोकेश कसेर उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित लाइव प्रसारण में श्री के.पी. मरकाम एवं कार्यालयीन स्टाफ द्वारा सहभागिता की गई। इसी प्रकार अनुविभाग डोंगरगढ़ में एसडीओपी श्री केशरीनंदन नायक एवं उनके अधीनस्थ स्टाफ द्वारा एकता दिवस परेड का लाइव प्रसारण देखा गया।
इसके अतिरिक्त जिले के समस्त थाना एवं चौकी में पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अपने-अपने थाना एवं चौकी में एकता दिवस परेड का लाइव प्रसारण सामूहिक रूप से देखा गया।
इस वर्ष एकता दिवस परेड की मुख्य थीम “नक्सल मुक्त भारत” रखी गई। इस थीम के माध्यम से नक्सलवाद के उन्मूलन, आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने तथा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित भारत के निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण एवं देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने में दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने तथा नक्सलवाद के उन्मूलन के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण से कार्य करने का संकल्प लिया।
इस आयोजन के माध्यम से पुलिस बल में अनुशासन, समन्वय, एकजुटता एवं कर्तव्यनिष्ठा की भावना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नक्सल मुक्त भारत के संकल्प को दोहराया गया।
जिला पुलिस राजनांदगांव राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं नक्सल मुक्त भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
जिला पुलिस राजनांदगांव
छत्तीसगढ़ पुलिस






