शहर में चाकू लहराने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने जब्त किया धारदार हथियार

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। शहर में राहगीरों को डराने वाला आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। थाना सिटी कोतवाली की टीम ने आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी से स्टील का धारदार चाकू बरामद किया।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक एलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में शहर में असामाजिक तत्वों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 26 अप्रैल 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली कि होटल विल्सन मानव मंदिर के पीछे एक युवक चाकू लहराते हुए राहगीरों को डराने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम को देखकर आरोपी भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में आरोपी के पास से कुल 13 इंच लंबाई का स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी चाकू रखने के वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
गिरफ्तार आरोपी तरूण कांक्षी पिता स्व. बालाराम कांक्षी, निवासी टांकापारा रेलवे क्रॉसिंग है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध क्रमांक 231/2026 दर्ज किया गया। उसे रात 10.30 बजे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
थाना सिटी कोतवाली के निरीक्षक मिलन सिंह, प्रधान आरक्षक संदीप चौहान, आरक्षक श्रीनिवास राव, लीलेंद्र पटेल और आर प्रकाश कुर्रे की इस कार्रवाई में विशेष भूमिका रही।
पुलिस ने कहा है कि शांति भंग करने वाले और अवैध हथियार रखने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :