फर्जी डिग्री के सहारे शराब दुकानों में जमे हैं सुपरवाइजर : बिलाल सोलिन खान

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। शासकीय शराब दुकानों में कार्यरत सुपरवाइजरों की शैक्षणिक योग्यता को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। अजीत जोगी युवा मोर्चा ने आरोप लगाया है कि जिले की विभिन्न मदिरा दुकानों में कई सुपरवाइजर फर्जी स्नातक डिग्री के सहारे अपने पद पर बने हुए हैं। सोमवार को मोर्चा के शहर जिलाध्यक्ष बिलाल सोलिन खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधीश को ज्ञापन सौंपकर इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

संदेह के घेरे में एक साल की ‘तरक्की’
जिला कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में बिलाल सोलिन खान ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2025 से पहले तक कई सुपरवाइजरों के सेवा अभिलेखों में उनकी योग्यता केवल 12वीं कक्षा दर्ज थी। लेकिन अचानक महज एक वर्ष के भीतर ही इन कर्मचारियों ने स्नातक (ग्रेजुएशन) की डिग्री प्रस्तुत कर दी है। बिलाल ने कहा कि बिना नियमित पढ़ाई किए एक साल के भीतर स्नातक हो जाना सीधे तौर पर धांधली की ओर इशारा करता है। आशंका जताई जा रही है कि पद बचाने और लाभ लेने के लिए बैक डेट में फर्जी डिग्रियां तैयार करवाई गई हैं।

इन क्षेत्रों के सुपरवाइजरों पर टिकी नजर
ज्ञापन में विशेष रूप से रेवाडीह, डोंगरगढ़ और कोकपुर क्षेत्र की शराब दुकानों में कार्यरत सुपरवाइजरों की डिग्रियों की जांच करने पर जोर दिया गया है। मोर्चा ने मांग की है कि न केवल इन कर्मचारियों की डिग्री की सत्यता जांची जाए, बल्कि उस यूनिवर्सिटी या संस्थान की भी जांच हो जहां से ये डिग्रियां जारी की गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधीश ने जल्द से जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान जोगी युवा मोर्चा के शहर जिलाध्यक्ष बिलाल सोलिन खान के साथ जिला महासचिव ऋषभ रामटेके, सागर साहू, मुकेश साहू, अनवर खान, मुकेश, साहिल खान, आकाश गेडाम, अमित साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :