राजनांदगांव में नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध, भाजपा ने कांग्रेस का पुतला दहन किया

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिला राजनांदगांव और भाजपा महिला मोर्चा के संयुक्त तत्वाधान में आज दिग्विजय कॉलेज के सामने कांग्रेस पार्टी का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया गया। यह विरोध प्रदर्शन लोकसभा में पेश किए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने के विरोध स्वरूप आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजयुमो और महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मौजूद रहीं। इस दौरान कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष चिन्टू सोनकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें लोकसभा और विधानसभा में सशक्त भागीदारी देने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी ने इस ऐतिहासिक कदम का विरोध कर अपनी महिला विरोधी मानसिकता को उजागर किया है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस कभी नहीं चाहती कि देश की मातृशक्ति आगे बढ़े और नेतृत्व करे। उन्होंने हमेशा महिलाओं को केवल वोट बैंक समझा है और उनके अधिकारों से वंचित करने का प्रयास किया है।”

भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष पुष्पा गायकवाड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। “आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्षा सहित हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों का महिला विरोधी रवैया अब जनता के सामने आ चुका है और आने वाले समय में मातृशक्ति इसका करारा जवाब देगी,” उन्होंने कहा।

पुतला दहन के दौरान उपस्थित महिलाओं और युवाओं में कांग्रेस के प्रति गहरा आक्रोश देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने महिला सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मिथलेश्वरी वैष्णव, भाजयुमो जिला महामंत्री आशुतोष सिंह राजपूत, पारुल जैन उपाध्यक्ष, मीना यादव उपाध्यक्ष, नेहा जैन उपाध्यक्ष, संगीता मिश्रा मंत्री, सुहासिनी शीरसागर, आभा श्रीवास्तव मंत्री, शैल यादव उत्तर मंडल अध्यक्ष, मधु बैद दक्षिण मंडल अध्यक्ष, रामेश्वरी वर्मा मुसरा मुरमुंदा अध्यक्ष, निकिता श्रीरंगे भाजयुमो अध्यक्ष, प्रेमा सोनकर मंडल सह कार्यालय मंत्री सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा उपस्थित थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :