पोट्ठ लईका पहल में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कलेक्टर ने किया सम्मानित

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कुपोषण उन्मूलन के लिए जिले में चल रही पोट्ठ लईका पहल के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कलेक्टर जितेंद्र यादव ने आज जिला पंचायत सभाकक्ष में प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

कलेक्टर ने परियोजना राजनांदगांव शहरी से श्रीमती भानमती यादव, राजनांदगांव ग्रामीण-01 से श्रीमती ममता निर्मलकर, राजनांदगांव ग्रामीण-02 से श्रीमती रोहिणी साहू, डोंगरगांव से श्रीमती जयंती वैष्णव, डोंगरगढ़ से श्रीमती पुष्पा वर्मा, छुरिया-01 से श्रीमती संजना कंवर और छुरिया-02 से श्रीमती इंद्रोतीन कुंजाम को सम्मानित किया।

इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत सुरूचि सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनआर नवरतन और जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती गुरूप्रीत कौर भी उपस्थित थीं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती गुरूप्रीत कौर ने बताया कि पोट्ठ लईका पहल का उद्देश्य जिले के कुपोषित बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाना है। जून 2025 में जिले में 9751 कुपोषित बच्चों को सुपोषित करने का लक्ष्य रखा गया था।

तुलनात्मक आंकड़े बताते हैं कि जून 2025 में अति गंभीर कुपोषित 443, मध्यम गंभीर 2396, गंभीर 731 और मध्यम 6181 बच्चे थे। मार्च 2026 में स्थिति सुधरकर अति गंभीर 128, मध्यम गंभीर 842, गंभीर 328 और मध्यम 3848 बच्चे रह गए हैं। यह पहल जिले में सुपोषण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता का संकेत देती है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :