शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी, आरोपी इंदौर से गिरफ्तार

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने शेयर मार्केट में धोखाधड़ी कर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने वाले अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
पुलिस के अनुसार आरोपी मोहम्मद अजीज खान पिता केके सलगुनन, उम्र-57, निवासी रॉयल टाउन कॉलोनी, महू-भाटखेड़ी, इंदौर (मध्यप्रदेश) को 3 अप्रैल 2026 को इंदौर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने मृतक कोमल साहू से निवेश और तंत्र-मंत्र के जरिए पैसा दोगुना करने का लालच देकर करीब 4 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की थी।
घटना 17 अक्टूबर 2025 की है। मृतक ने मानसिक तनाव में जहर सेवन कर लिया था और उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। जांच में सुसाइड नोट, बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल डेटा की पड़ताल के बाद आरोपी की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेण्डर किरो के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मिलन सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 130/2026 के तहत न्यायालय में पेश किया गया। आरोपी को 17 अप्रैल 2026 तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर अनाधिकृत शेयर मार्केट निवेश या पैसा दोगुना करने के लालच में न आएं।
इस कार्यवाही में कोतवाली प्रभारी मिलन सिंह, उप निरीक्षक धनीराम नारंगे, प्रधान आरक्षक शम्भूनाथ द्विवेदी, आरक्षक प्रकाश कुर्रे, श्रीनिवास राव और सायबर सेल के आरक्षक हेमंत साहू, जीवन लाल ठाकुर की सराहनीय भूमिका रही।

अपने दोस्तों को शेयर करें :