केन्द्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री ने जिले में जल संरक्षण परियोजनाओं का किया अवलोकन

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। केन्द्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने आज राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम बरगा में जल संरक्षण और सतत जल प्रबंधन से जुड़े कार्यों का अवलोकन किया। मंत्री ने जिले में भूमिगत जल स्तर सुधार और जल संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे अभिनव प्रयासों की सराहना की और इसे पूरे देश के लिए मॉडल बताया।

राज्य मंत्री ने ग्रामीणों से कहा कि कम पानी में उगने वाली फसलों का अधिक उपयोग करें और धान की जगह दलहन-तिलहन फसल उगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा पीएम-आशा योजना अंतर्गत दलहन-तिलहन की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है, जिससे किसानों को अच्छी आमदनी मिल रही है।

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने जिले में निर्मित विभिन्न वॉटर रीचार्ज स्ट्रक्चर, परकोलेशन टैंक, रिचार्ज शाफ्ट, तालाब संरक्षण मॉडल और ग्राउंड वाटर मैनेजमेंट से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कम लागत में उच्च गुणवत्ता के ये संरचना बनाए गए हैं, जिससे भूमिगत जल स्तर में सुधार दर्ज किया गया है।

कलेक्टर ने कहा कि जिन गांवों में रिचार्ज संरचना बनाई गई है, वहां के बोरवेल्स की जल क्षमता दोगुनी हो गई है। रीचार्ज शाफ्ट के माध्यम से वर्षा जल सीधे भूमिगत जल धारण क्षमता वाले हिस्सों तक पहुँचता है, जिससे लंबे समय से सूखे पड़े बोरवेल्स में पानी आने लगा है। इसके अलावा वर्षा जल और ग्रे वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए अलग-अलग संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, कलेक्टर जितेन्द्र यादव और सीईओ जिला पंचायत सुरूचि सिंह भी उपस्थित थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!