राजनांदगांव। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने झपटमारी के प्रकरण में सुरेंद्र बांसफोड़ उर्फ गोलिया (24) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है। आरोपी ने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर प्रार्थी के जेब से 12,200 रुपये झपट लिए थे, जिनमें से 5,770 रुपये बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने 18 मार्च की रात 8 बजे से 8:40 बजे के बीच नया बस स्टैण्ड के पास से गुजरते समय रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपी नशे की हालत में उसे रोककर विवाद करने लगा और पॉकेट से नगदी निकाल भाग गया।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन में निरीक्षक मिलन सिंह ने आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म स्वीकार किया। उसने बताया कि नगदी में से 6,200 रुपये ताश खेलते समय हार गए और 1,000 रुपये उसके पास बचे। नाबालिग ने 5,000 रुपये में से 230 रुपये खर्च किए और 4,770 रुपये बचाए।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जिला जेल में दाखिल किया गया। नाबालिग के संबंध में नियम 8 (1) एवं 8 (5) के तहत प्रपत्र भरकर परिजनों को सुपुर्द किया गया।
पुलिस ने बताया कि सुरेंद्र बांसफोड़ के खिलाफ पहले भी चोरी और मारपीट के मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में निरीक्षक मिलन सिंह, सहायक उपनिरीक्षक गणेश चौहान और थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

