ई-चालान जमा करने के लिए ओटीसी सुविधा 1 अप्रैल से लागू

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। अब जिले में भौतिक चालानों का समय खत्म होने जा रहा है। जिला कोषालय अधिकारी के अनुसार, ई-चालान को बढ़ावा देने के लिए ओटीसी (ओवर-द-काउंटर) सुविधा 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी।

नई व्यवस्था के तहत सभी चालान अब केवल ऑनलाइन माध्यम से जमा किए जाएंगे। जिले के सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे चालान जमाकर्ताओं को ई-चालान प्रक्रिया से पूरी तरह अवगत कराएं।

ओटीसी सुविधा के तहत ई-चालान पोर्टल पर चालान भरते ही उसका डेटा सीधे बैंक को ऑनलाइन ट्रांसफर हो जाएगा। बैंक काउंटर पर केवल ऑनलाइन जनरेटेड चालान, जिसमें ट्रेजरी रेफरेंस नंबर दर्ज होगा, के माध्यम से राशि जमा की जाएगी। बैंक द्वारा यह जानकारी एमआईएस के जरिए कोषालय में ऑनलाइन भेजी जाएगी।

जिला कोषालय अधिकारी ने बताया कि इस नई व्यवस्था से डेटा प्रविष्टि में होने वाली त्रुटियां कम होंगी और लेखांकन प्रक्रिया अधिक सटीक और पारदर्शी बनेगी। ई-चालान पोर्टल के सर्च प्लान विकल्प से जमाकर्ता आसानी से चालान का प्रिंट निकाल सकेंगे, जो पहले भौतिक चालान में संभव नहीं था।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!