राजनांदगांव। कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनसामान्य तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंचाने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी साधना चंद्राकर के नेतृत्व में टीम ने डोंगरगढ़ तहसील के ग्राम नागतराई में संचालित फर्म हाइड्रावेडॉ एक्वा का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण में पाया गया कि फर्म बिना लाइसेंस संचालित हो रही थी। पानी के पैकेट पर विनिर्माता का पता मिथ्या और भ्रामक था, जबकि लेबल पर नियमानुसार जानकारी नहीं दी गई थी। मौके पर टीम ने बिक्री और भंडारण के लिए रखे गए 606 बोरी (200 मिली प्रति पाउच) ‘हिन्द पानी’ जब्त कर लिए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी साधना चंद्राकर ने बताया कि विभाग द्वारा ऐसे प्रतिष्ठानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे नागरिकों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए केवल सुरक्षित और गुणवत्ता युक्त उत्पाद ही बेचें और निर्माण करें।
अगर किसी भी प्रतिष्ठान में मिलावटी या दूषित खाद्य पदार्थ मिलने का संदेह हो, तो इसकी सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग की हेल्पलाइन 9340597097 पर दी जा सकती है।
नोट: प्रकरण की लैब जांच रिपोर्ट और विवेचना जल्द ही न्यायालय में प्रस्तुत की जाएगी।

