कलेक्टर ने साप्ताहिक बैठक में दिए कड़े निर्देश, नवरात्रि तैयारियों को किया फोकस

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली और जिले में शासकीय योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन के लिए विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर शनिवार विभागीय अधिकारी अपने क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण करें ताकि योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे।

कलेक्टर ने चैत्र नवरात्रि के मद्देनजर सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। पदयात्री मार्गों की सफाई, पर्याप्त रोशनी और सेवा पंडालों में स्वास्थ्य टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने खाद्य दुकानों और प्रतिष्ठानों की नियमित जांच और मिलावट या एक्सपायरी सामग्री पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने का आदेश दिया। इसके अलावा सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों की भी सघन जांच करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य और बच्चों की सुरक्षा पर कलेक्टर ने जोर देते हुए जिला चिकित्सालय में मरीजों के लिए स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने, चिरायु योजना के तहत बच्चों के उपचार का नियमित फॉलोअप और एचपीवी वैक्सीनेशन के माध्यम से बालिकाओं को नि:शुल्क टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्कूल और छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने, प्राथमिक चिकित्सा किट उपलब्ध कराने और आधार अपडेशन को शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश भी दिया। सभी आंगनबाड़ी और स्कूलों में निर्धारित तिथियों पर शिविर आयोजित करने का भी आदेश दिया गया।

नगर निगम अधिकारियों को ऐसे स्थान चिन्हित करने और आकर्षक पेंटिंग एवं नारा लेखन कर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। नदी किनारे अवैध मोटर पम्पों पर कड़ी कार्रवाई करने, धान के उठाव में तेजी लाने और अवैध परिवहन व बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए।

बैठक में अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम डोंगरगढ़ एम. भार्गव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :