राजनांदगांव। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने जिला पंचायत सभाकक्ष से वीडियो कान्फें्रस के माध्यम से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की। जिला पंचायत सीईओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं मनरेगा के कार्यों के लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा पूरा करने के लिए पर्याप्त श्रमिक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद पंचायतों में प्रगति कम होने पर कार्यों में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने नोडल अधिकारियों को नियमित रूप से ग्रामों में संपर्क कर कार्यों में प्रगति लाने निर्देशित किया। आवास निर्माण पूर्ण होने वाले आवासों को तत्काल उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने कहा। जिला पंचायत सीईओ ने स्वच्छ भारत मिशन अन्तर्गत प्रत्येक शनिवार को स्वच्छता त्यौहार मनाने तथा कचरा संग्रहण की निरंतरता बनाये रखने के निर्देश दिए। स्वच्छताग्राहियों का प्रोत्साहन राशि नियमित रूप से प्रदाय करने निर्देशित किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की समीक्षा की और सभी लंबित भुगतान को 20 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। सभी व्यक्तिगत शौचालय को 30 मार्च तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने तथा जियो टैग अनिवार्य रूप से कराने कहा।
जिला पंचायत सीईओ ने सुश्री सुरूचि सिंह अटल मानिटरिंग पोर्टल की समीक्षा की। उन्होंने पशु उपचार हेतु नियमित रूप से शिविर लगाने एवं मोबाईल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने कहा। बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अन्तर्गत लखपति ग्राम बनाने के लिए शासन से प्राप्त दिशा निर्देशों के संबंध में जानकारी दी गई। जिला पंचायत सीईओ ने मैदानी अधिकारियों को ग्रामों में भ्रमण कर लखपति दीदी ग्राम बनाने के लिए कार्य योजना बनाने कहा। बैठक में पंचायत सेक्टर के कार्यों सहित अन्य कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में जिला अधिकारी, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत सहित अन्य विभाग के अधिकारी शामिल हुए।

