राजनांदगांव। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव मंगलवार को राजनांदगांव के पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित युवा खिलाड़ियों के संवाद कार्यक्रम एवं ‘सेवा संकल्प अभियान यात्रा’ के अभिनंदन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने युवा खिलाड़ियों से सीधा संवाद करते हुए निरंतर मेहनत, अनुशासन, एकाग्रता और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की पहचान ‘खेल नगरी’ के रूप में है और राज्य सरकार प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों की तरक्की के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सराहा
उप मुख्यमंत्री साव ने प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की सराहना करते हुए बिलासपुर की बहतराई कबड्डी अकादमी में प्रशिक्षित संजू देवी का विशेष उल्लेख किया, जिन्होंने एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम में जगह बनाई है। राज्य सरकार ने उन्हें 51 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की है। इसके अलावा उन्होंने जूनियर महिला हॉकी एशिया कप विजेता टीम की सदस्य गीता यादव व मधु सिदार तथा कॉमनवेल्थ गेम्स की रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वर यादव की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया।
21 अक्टूबर से शुरू होगी राज्य प्रायोजित हॉकी लीग
उप मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि छत्तीसगढ़ में पहली बार राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित हॉकी लीग का आयोजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक किया जाएगा।
400 खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन: लीग के लिए 400 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 223 ने ट्रायल में भाग लिया। चयन के बाद 6 टीमें बनाई जाएंगी।
‘संस्कारधानी’ नाम से राजनांदगांव की टीम: स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को जोड़ते हुए राजनांदगांव की टीम का नाम ‘संस्कारधानी’ रखा गया है।
शुभंकर और टैगलाइन: हॉकी लीग का शुभंकर ‘बघवा’ और टैगलाइन ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ तय की गई है।
सेवा संकल्प अभियान यात्रा का अभिनंदन
कार्यक्रम में गुजरात के वडनगर से वाराणसी जा रही ‘सेवा संकल्प अभियान यात्रा’ के बाइकर्स का जोरदार स्वागत किया गया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मस्थली से निकली यह यात्रा सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संदेश देती है।
सांसद संतोष पांडेय ने यात्रा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे सामाजिक सरोकार और आस्था का प्रतीक बताया। महापौर मधुसूदन यादव ने जानकारी दी कि सेवा यात्रियों ने पेंड्री में स्वच्छता व वृक्षारोपण गतिविधियों में भाग लिया और नगर निगम द्वारा भू-जल स्तर सुधारने के लिए लगाए जा रहे ‘इंजेक्शन वेल सिस्टम’ का अवलोकन भी किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद व यात्रा प्रभारी राजेश शुक्ला, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और खिलाड़ी उपस्थित रहे।


