राजनांदगांव। अवैध रेत उत्खनन और ग्रामीणों पर फायरिंग के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों ने संपत्ति कुर्की की कार्रवाई के भय से न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय से प्राप्त वारंट के आधार पर जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि 11 जून 2025 की शाम लगभग 7 से 7.30 बजे के बीच ग्राम मोहड़ नदी में अवैध रूप से रेत निकालने के लिए रैम्प निर्माण हेतु जेसीबी पहुंची थी। इसकी जानकारी मिलने पर कुछ ग्रामीण वहां पहुंचे और इसका विरोध किया। इसी दौरान एक कार में सवार 7-8 लोग मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मारपीट करते हुए फायरिंग कर दी।
इस मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 257/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 और खनिज अधिनियम की धारा 21 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
प्रकरण में पहले ही 9 आरोपियों भगवती निषाद, संजय रजक, अभिनव तिवारी, अतुल सिंह तोमर, जितेन्द्र नारौलिया, अमन सिंह परिहार, अभय सिंह तोमर, कृष्णा उर्फ गोलू गुर्जर और फल्ली उर्फ मनोज सिकरवार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल राजनांदगांव भेजा जा चुका है। विवेचना पूरी होने के बाद इनके खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र भी प्रस्तुत किया जा चुका है।
मामले के दो अन्य आरोपी संजय सिंह (भिण्ड, मध्यप्रदेश) और अमन बैसन्दर (ग्वालियर, मध्यप्रदेश) घटना के बाद से फरार थे। इनके विरुद्ध न्यायालय द्वारा स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी। आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए न्यायालय से उद्घोषणा कार्रवाई कराई गई और उनके निवास स्थान ग्वालियर व भिण्ड में उद्घोषणा चस्पा कराई गई। साथ ही भिण्ड, मुरैना और ग्वालियर के समाचार पत्रों में भी प्रकाशन कराया गया, जिसमें आरोपियों को 16 मार्च 2026 तक न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था।
इस कार्रवाई के बाद संपत्ति कुर्की की आशंका से दोनों फरार आरोपी 10 मार्च 2026 को न्यायालय में उपस्थित हो गए। इसके बाद उन्हें थाना बसंतपुर को सुपुर्द किया गया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने पर जिला जेल राजनांदगांव दाखिल किया गया।

