राजनांदगांव। नगर निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता आज प्रातः शहर में चल रहे निर्माण कार्यो के निरीक्षण के तहत रेवाडीह व आशा नगर, आरके नगर में चल रहे विकास कार्य का जायजा लेकर मापदंड के अनुरूप समय में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये। वहीं उन्होंने रेवाडीह एसएलआरएम सेंटर में आसपास के एसएलआरएम सेंटरों से नियमित रूप से कचरा मंगाकर कम्पोस्ट मशीन में डालने निर्देशित किये।
आयुक्त श्री गुप्ता रेवाडीह में निर्माणाधीन मुक्तिधाम का निरीक्षण कर श्रद्धांजली हॉल, नाली, सड़क निर्माण कार्य की धीमी गति पर कार्य में तेजी लाकर समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने कार्यपालन अभियंता यूके रामटेके को निर्देशित किये। उन्होंने आशा नगर के एप्रोज रोड सीमेंटीकरण कार्य को जल्द पूर्ण कराने को कहा, जिससे आशा नगरवासियों को आवागमन में परेशानी न हो। वही जीई रोड के पास गोड़वाना भवन विस्तार कार्य तथा वार्ड नं. 23 के विभिन्न गलियों में सीमेंटीकरण कार्य भी समय में पूर्ण कराने कहा।
रेवाडीह एसएलआरएम सेंटर का निरीक्षण कर सेंटर के स्वच्छता दीदीयों द्वारा अच्छे कार्य एवं साफ सुथरा संचालन के लिये सराहना करते हुये प्रभारी से कहा कि गीला व सुखा कचरा घर में ही अलग-अलग करने समझाईश देवे तथा अपने घर व आसपास साफ-सुथरा रखने भी समझाईश देवे। उनके द्वारा साफ सफाई का जायजा लिया गया और हाजरी रजिस्टर की जांचकर निर्धारित समय तक सफाई कराने के निर्देश दिये। उन्होंने एसबीएम प्रभारी रामटेके से कहा कि रेवाडीह के आस पास के क्षेत्रों के एसएलआरएम सेंटरों से नियमित कचरा इसी सेंटर में मंगावे और कम्पोस्ट मशीन में डाले जिससे खाद निर्धारित समय में बन सके तथा खाद का विक्रय करने लोगों व किसानों से संपर्क करें।
निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता प्रणय मेश्राम, उप अभियंता अशोक देवांगन, वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक राजेश मिश्रा, जिला समन्वयक एसबीएम देवेश साहू व कीर्तन साहू, सह उद्यान प्रभारी दिलीप गिरी व स्वास्थ्य अमला उपस्थित था।

