शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 1.49 करोड़ की साइबर ठगी : नेपाल कनेक्शन से जुड़े 6 आरोपी उत्तराखंड-गुजरात से गिरफ्तार

अपने दोस्तों को शेयर करें :

अंबागढ़ चौकी। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले की पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 1 करोड़ 49 लाख 50 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के तार नेपाल के काठमांडू से जुड़े होने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने उत्तराखंड और गुजरात से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह (आईपीएस) के निर्देशन में की गई। थाना अंबागढ़ चौकी में दर्ज अपराध क्रमांक 03/2026, धारा 318(4) व 317(4) बीएनएस के तहत दो विशेष टीमें गठित कर अलग-अलग राज्यों में दबिश दी गई।

ऐसे फंसाया जाल में
प्रार्थी कुनाल अग्रवाल, निवासी गंज लाइन अंबागढ़ चौकी ने 2 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 9 नवंबर से 6 दिसंबर 2025 के बीच अज्ञात आरोपियों ने मोबाइल नंबरों के जरिए शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर भारी रिटर्न का लालच दिया। इसके बाद उनके पंजाब नेशनल बैंक और एचडीएफसी बैंक खातों से कुल 1.49 करोड़ रुपए ट्रांसफर कर लिए गए।

तकनीकी जांच और आई4सी पोर्टल से मिली जानकारी में सामने आया कि जिन खातों में राशि डलवाई गई, उनसे जुड़ी अन्य शिकायतें भी दर्ज हैं। आरोपियों ने 5 अलग-अलग खातों में रकम जमा करवाई और फिर उसे अन्य खातों में ट्रांसफर कर चेक व एटीएम के माध्यम से निकाल लिया।

रुद्रपुर से सूरत तक दबिश
जांच में आरोपियों की लोकेशन रुद्रपुर (जिला उधम सिंह नगर, उत्तराखंड), अहमदाबाद, राजकोट और सूरत (गुजरात) में मिली। पुलिस टीमों ने वहां रेड कर 6 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में नेपाल के काठमांडू स्थित संपर्कों के जरिए ठगी का नेटवर्क संचालित होने की बात सामने आई।

पुख्ता साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 7 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों की चेकबुक, पासबुक और एटीएम कार्ड जब्त किए गए। आरोपियों को संबंधित न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर अंबागढ़ चौकी लाया गया है।

गिरफ्तार आरोपी
मनोज कुमारजी (27), कोडप्पा लेआउट, बेंगलुरु, कर्नाटक

सनातन मंडल (32), रजपुरा नं. 02, गदरपुर, जिला उधम सिंह नगर, उत्तराखंड

योगेंद्र सिंह (25), दिनेशपुर, उधम सिंह नगर

युसुफ संधवानी (21), जिला राजकोट, गुजरात

राहुल गुप्ता (26), माधोपुरा, जिला अहमदाबाद, गुजरात

गौतम भाई बागड़ा (20), हरिदर्शन सोसायटी, सूरत, गुजरात

जब्त सामान
7 मोबाइल फोन

10 सिम कार्ड

विभिन्न बैंकों की चेकबुक, पासबुक और एटीएम कार्ड

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश के नाम पर आने वाले अनजान कॉल, लिंक और मैसेज से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में दें।

अपने दोस्तों को शेयर करें :