राजनांदगांव। आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण (हाउस लिस्टिंग) के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया। जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण में जनगणना की प्रक्रिया, कर्मचारियों के दायित्व और समय-सीमा के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
जिला पंचायत सीईओ सुश्री सिंह ने बताया कि जनगणना दो चरणों में होगी। प्रथम चरण में हाउस लिस्टिंग के तहत प्रत्येक घर का सूचीकरण किया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण में प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय जानकारी संकलित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कार्य मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप में किया जाएगा और इसमें किसी प्रकार का विस्तार नहीं दिया जाएगा।
महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनगणना देश और जिले की वास्तविक तस्वीर पेश करती है, जिसके आधार पर विकास योजनाओं का निर्माण होता है। इसे निर्वाचन कार्य की तरह गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ किया जाना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना के दौरान संकलित डाटा पूर्णत: गोपनीय रहेगा और इसका उपयोग केवल समग्र आंकड़ों के रूप में योजना निर्माण एवं नीति निर्धारण के लिए किया जाएगा।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स ने जनगणना 2027 में पदाधिकारियों की भूमिका, कानूनी प्रावधान, जनशक्ति और प्रचार गतिविधियों, पर्यवेक्षकों और प्रगणकों की नियुक्ति, डेटा गोपनीयता और नैतिकता, मोबाइल और वेब ऐप से जुड़ी समस्याओं का समाधान, समय-सीमा और स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी दी। इसके अलावा, उत्तरदाता, प्रगणक और पर्यवेक्षकों की भूमिकाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा, एसडीएम श्री एम भार्गव, एसडीएम श्री श्रीकांत कोर्रम, एसडीएम श्री गौतम पाटिल सहित तहसीलदार, सीएमओ, नायब तहसीलदार और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

