राजनांदगांव। आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में उच्च स्थान प्राप्त करने के उद्देश्य से नगर निगम का अमला व्यापक तैयारी कर रहा है। इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा ने आज सुबह चिखली, शांतिनगर और शंकरपुर का भ्रमण कर नालों की सफाई, सार्वजनिक शौचालय और एसएलआरएम सेंटर का निरीक्षण किया तथा कर्मचारियों को सफाई के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
चिखली स्कूल मैदान में आयुक्त ने नन्हे खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों से खेल के महत्व के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि स्वस्थ रहने के लिए खेल आवश्यक है और प्रतिदिन खेल के लिए समय निकालना चाहिए। आयुक्त ने कहा कि मोबाइल के कारण बच्चों का खेल में रूझान कम हुआ है, लेकिन इस मैदान में बच्चे नियमित अभ्यास कर रहे हैं, जो सराहनीय है।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने नालों की सफाई में कचरा निकालने, पानी का निर्बाध प्रवाह सुनिश्चित करने और एसएलआरएम सेंटर में कचरे का समुचित निपटान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घर से 100 प्रतिशत कचरा संग्रहण सुनिश्चित करना और युजर चार्ज वसूलना आवश्यक है। इसके अलावा सार्वजनिक शौचालय में पर्याप्त पानी की व्यवस्था और नियमित सफाई बनाए रखने के लिए संचालकों को निर्देशित किया गया।
स्वच्छता निरीक्षण के दौरान निगम का स्वास्थ्य अमला भी उपस्थित रहा। आयुक्त ने कर्मचारियों से कहा कि वे आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखकर ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करें, जिससे शहर में स्वास्थ्य सेवाओं और सफाई में सुधार सुनिश्चित हो सके।

