कृषि विभाग ने किसानों को योजनाओं से लाभान्वित करने 14 फरवरी तक अभियान शुरू किया

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों द्वारा 9 से 14 फरवरी 2026 तक पंचायत स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है और किसानों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।

अभियान के तहत विशेष रूप से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए किसानों का ई-केवायसी, आधार सीडिंग और एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन कराया जा रहा है। योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को वार्षिक 6000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।

उप संचालक कृषि श्री टीकम सिंह ठाकुर ने बताया कि फरवरी माह में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त का भुगतान किया जाना प्रस्तावित है। इसे ध्यान में रखते हुए कृषि विभाग लंबित प्रकरणों का व्यक्तिगत संपर्क कर समाधान करने में जुटा है। जिले में ई-केवायसी के 604, लैण्ड सीडिंग के 67, आधार सीडिंग के 872 और सस्पेक्टेड केस के 881 लंबित हितग्राहियों को अभियान के दौरान लाभान्वित करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी लोक सेवा केंद्र, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या कृषक संगवारी के माध्यम से लंबित प्रकरणों का भौतिक सत्यापन कराएं और एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन कराकर अपनी जानकारी अपडेट करें। साथ ही ई-केवायसी और आधार सीडिंग पूर्ण कराएं ताकि आगामी किस्त की राशि का लाभ सभी पात्र किसानों तक पहुँच सके।

कृषि विभाग ने अभियान के दौरान लोकसेवा केंद्र, कृषि विभाग के मैदानी अधिकारियों और बैंकों के माध्यम से लंबित प्रकरणों के निराकरण के साथ ही किसानों को एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन कराने की भी विशेष अपील की है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :