जिले में किशोरियों को लगाया एचपीवी वैक्सीन, 134 बालिकाओं को टीका लगा

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। जिला चिकित्सालय में आज शहरी क्षेत्र की 134 किशोरी बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाया गया। जिले में अब तक कुल 224 बालिकाओं को यह टीका दिया जा चुका है। यह टीका एचपीवी संक्रमण के कारण होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बेहद प्रभावी माना जाता है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि यह टीका सुरक्षित है और 14 वर्ष की लड़कियों तथा 15 वर्ष 3 माह से कम आयु की सभी बालिकाओं को लगाया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को जिला चिकित्सालय में कार्य दिवस पर उपस्थित कर वैक्सीन लगवाएं। टीका नि:शुल्क है और किसी प्रकार के दुष्परिणाम की संभावना नहीं है।

टीकाकरण के दौरान बच्चों को डॉक्टर की निगरानी में केवल 30 मिनट बैठना होता है। इच्छुक बालिकाएं युवीन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकती हैं या आधार कार्ड लेकर सीधे जिला चिकित्सालय में उपस्थित हो सकती हैं।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल तुलावी ने बताया कि आगामी समय में यह टीका जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कदम बालिकाओं के सुरक्षित भविष्य और सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण है।

अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों जिनकी आयु 14 वर्ष से ऊपर और 15 वर्ष से कम है, उन्हें जिला चिकित्सालय और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आधार कार्ड के साथ लेकर आएं और नि:शुल्क टीकाकरण कराएं।

अपने दोस्तों को शेयर करें :