राजनांदगांव। जिले में धान खरीदी अभियान से किसानों के चेहरों पर खुशी की लहर है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत, 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक के मान से धान खरीदी जा रही है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशन में इस अभियान की शानदार व्यवस्था की गई है।
कलेक्टर ने सभी 96 धान खरीदी केन्द्रों पर इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, पेयजल, छांव, बायोमैट्रिक डिवाइस मशीन, श्रमिकों और अन्य सुविधाओं के साथ धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने का निर्देश दिया है। किसानों के धान का आर्द्रता मापी यंत्र से परीक्षण भी किया जा रहा है। इसके अलावा, किसानों को “टोकन तुंहर हाथ” मोबाइल एप के माध्यम से आसानी से टोकन प्राप्त हो रहे हैं, जिससे समय की बचत हो रही है।
अब तक 112133 पंजीकृत किसानों से 1322 करोड़ 72 लाख 14 हजार रुपये मूल्य का 5571654.80 क्विंटल धान खरीदी जा चुकी है। वहीं, 1740587.80 क्विंटल धान का उठाव भी किया जा चुका है।
कलेक्टर ने अवैध धान की खरीदी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, साथ ही धान खरीदी केन्द्रों की लगातार निगरानी रखी जा रही है।

