राजनांदगांव। आयुष्मान आरोग्य मंदिर बघेरा में राष्ट्रीय आयुष मिशन अंतर्गत एनपीसीडीसीएस कार्यक्रम के तहत आयुष विभाग द्वारा निःशुल्क चिकित्सा और जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 31 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें 25 ग्रामीणों की उच्च रक्तचाप और मधुमेह की जांच की गई।
परीक्षण के दौरान रोगियों को संतुलित आहार-विहार अपनाने की सलाह दी गई और आवश्यकतानुसार औषधियों का निःशुल्क वितरण भी किया गया। शिविर में ग्रामीणों को गैर-संक्रामक रोगों, उनके लक्षण और बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही नियमित योग, प्राणायाम, दिनचर्या और ऋतुचर्या के पालन से होने वाले स्वास्थ्य लाभों के प्रति भी जागरूक किया गया।
योग चिकित्सक द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न योगाभ्यास और प्राणायाम का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर सरपंच श्रीमती ऐश्वर्या देशमुख, आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेन्द्र मेश्राम, आयुष चिकित्सक डॉ. अनमोल गुप्ता, योग चिकित्सक डॉ. स्नेहा देशमुख, पीटीएस जैतराम यादव और योग प्रशिक्षक मनीष लहरे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
आयुष विभाग ने कहा कि इस तरह के शिविर ग्रामीणों में स्वास्थ्य-सचेतना बढ़ाने और जीवनशैली सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

