राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के प्रयासों से शहर के खेल क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। नवागांव में 9 करोड़ रुपए की लागत से 8 लेन का नया सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बन रहा है। वहीं अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में लंबे समय से प्रतीक्षित एस्ट्रोटर्फ का नवीनीकरण भी होगा, जिसके लिए लगभग 6 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा लॉन टेनिस कोर्ट के सुधार के लिए 50 लाख रुपए की राशि निर्धारित की गई है।
खेलो इंडिया प्रोजेक्ट के तहत हॉकी की नर्सरी में आयोजित होने वाली महंत राजा सर्वेश्वर दास स्मृति हॉकी प्रतियोगिता इस वर्ष नीले रंग के नए टर्फ में खेली जाएगी। प्रतियोगिता फरवरी में प्रस्तावित है।
जिला भाजपा ने इन विकास कार्यों के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और प्रदेश सरकार का आभार जताया। जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि एस्ट्रोटर्फ रिप्लेसमेंट के बाद हॉकी खिलाड़ियों की सुविधाओं में वृद्धि होगी और युवा खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार होंगे।
भाजपा मीडिया सेल ने बताया कि हॉकी इंडिया इस वर्ष अपना 100वां वर्ष मना रही है। राजा सर्वेश्वर दास स्मृति हॉकी प्रतियोगिता के नए टर्फ पर होने से खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह की लहर देखी जा रही है।
इस उपलब्धि के लिए जिला भाजपा टीम ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और पूरी सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया।

