पंचायत सचिवों ने हड़ताल पंडाल में किया रामायण पाठ, शासकीयकरण की मांग पर अडिग

अपने दोस्तों को शेयर करें :

अंबागढ़ चौकी। छत्तीसगढ़ पंचायत सचिव संघ की ब्लॉक इकाई, अंबागढ़ चौकी, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी द्वारा हड़ताल पंडाल में रामायण पाठ का आयोजन किया गया। यह आयोजन पंचायत सचिवों की जायज मांगों के समर्थन में किया गया, जो शासन की घोषणा पत्र और मोदी की गारंटी में सम्मिलित हैं।
गौरतलब है कि पंचायत सचिवों के शासकीयकरण के लिए 100 दिन की गारंटी दी गई थी, लेकिन अब 500 दिन से अधिक समय बीतने के बावजूद यह मांग पूरी नहीं हुई है। इससे नाराज होकर पंचायत सचिव 17 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इसके चलते ग्राम पंचायतों के विकास कार्य और ग्रामीणों की मूलभूत सेवाएं पूरी तरह से ठप हो गई हैं।
पंचायत सचिव संघ ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें शीघ्र पूरी नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करते हुए दिल्ली कूच करेंगे।
सरकार को सद्बुद्धि देने और शासकीयकरण का आदेश शीघ्र जारी करने हेतु रामायण पाठ का आयोजन किया गया। इस आंदोलन को सरपंच संघ के सभी पदाधिकारियों और सरपंचों का पूर्ण समर्थन प्राप्त है।
सरपंच संघ के अध्यक्ष ने कहा-यदि पंचायत सचिवों की जायज मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया, तो हम भी मजबूर होकर सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। सरकार को पंचायत सचिवों के शासकीयकरण का वादा जल्द पूरा करना चाहिए।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!