राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का दीपावली मिलन कार्यक्रम संपन्न

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा किला पारा बस्ती स्थित स्थानीय बाला बाबा मंदिर प्रांगण में रविवार को दीपावली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुभाषित, अमित वचन एवं एकल गीत के साथ हुई। तत्पश्चात खेल गतिविधियों के माध्यम से सभी स्वयंसेवकों को एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित स्वयंसेवकों ने अपने-अपने अनुभव कथन साझा किए।
अनुभव साझा करते हुए श्री देव कुमार निर्वाणी (राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय पुजारी पुरोहित संघ) ने कहा कि दीपावली मिलन सामाजिक एकता का प्रतीक है। दीपावली का अर्थ केवल दीप प्रज्वलन और आनंद उत्सव नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का प्रयास भी है। समाज में जो लोग किसी कारणवश उत्सव नहीं मना पाते, संघ उनके साथ यह मिलन कर समरसता और सामाजिक सहयोग का संदेश देता है।

श्री गुणवंत सिंह ठाकुर ने दीपावली के पाँचों दिनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक दिवस का अपना विशिष्ट धार्मिक और सामाजिक संदेश होता है।
वहीं नगर पदाधिकारी श्री अरुण भास्कर गुप्ता ने भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन और दीप प्रज्वलन की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि दीपावली प्रकाश और सत्य की विजय का प्रतीक पर्व है।

बजरंगबली मंदिर के महाराज श्री डोमन दास वैष्णव ने कहा कि दीपावली के चौथे दिन अन्नकूट उत्सव मनाया जाता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर इंद्र के घमंड को चूर किया था। तभी से 56 भोग और अन्नकूट की परंपरा प्रचलित है, जो आज भी श्रद्धापूर्वक निभाई जाती है।

श्री वैभव निर्वाणी ने कहा कि खगोलिक दृष्टि से दीपावली कृष्ण पक्ष की अमावस्या को आती है, जब प्रकृति अंधकारमय होती है। ऐसे समय में दीप प्रज्वलन का अर्थ है—अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और अन्याय पर न्याय की विजय।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित स्वयंसेवकों ने दीपावली की शुभकामनाएँ एक-दूसरे को दीं और सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता तथा सांस्कृतिक गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर श्री देव कुमार निर्वाणी, श्री डोमन दास वैष्णव, श्री अरुण भास्कर गुप्ता, श्री गुणवंत सिंह ठाकुर, श्री अनिल नागवंशी, श्री शशांक निर्वाणी, श्री वैभव निर्वाणी, श्री वीरेंद्र यादव, श्री नील निर्वाणी, श्री प्रियोम शर्मा, श्री रोशन दास वैष्णव सहित अनेक स्वयंसेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :