राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह का 73वां जन्मदिन कल उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इस मौके पर संस्कारधानी में सबसे बड़ा आयोजन युवा वेलफेयर फाउंडेशन के बैनर तले होने जा रहा है। जिसमें बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर अपनी आवाज की जादू का जलवा बिखेरने राजनांदगांव पहुंच रहे हैं। आयोजन स्टेट हाई स्कूल में होने जा रहा है। जहां कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। आयोजन समिति के अध्यक्ष भावेश बैद ने बताया कि राजनांदगांव के लाडले विधायक डॉ रमन सिंह के जन्मदिवस के अवसर को भव्य स्वरूप देने के लिए युवा वेलफेयर फाउंडेशन तीन वर्षों से कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी कड़ी में विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह के 73वें जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए इस बार स्टेट स्कूल में कैलाशा नाईट का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आयोजन में सम्मिलित होने के लिए प्रदेश के मुखिया विष्णु देव साय सहित कई मंत्री राजनांदगांव पहुंच रहे हैं। श्री बैद ने बताया कि पद्मश्री सम्मान से सम्मानित देश के प्रसिद्ध पाप राक गायक कैलाश खेर का कार्यक्रम 15 अक्तूबर को होगा। उनकी सुर संध्या में भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। भारतीय लोक संगीत व सूफी संगीत से प्रभावित कैलाश खेर शास्त्रीय संगीतकार पंडित कुमार गंधर्व, पंडित हृदयनाथ मंगेशकर, पंडित भीमसेन जोशी और कव्वाली गायक नुसरत फतेह अली खान से प्रेरित हैं। अपनी दमदार आवाज और संगीत की अपनी अनूठी शैली से कैलाश खेर सभी उम्र व वर्ग के श्रोताओं में मशहूर हैं। उन्हें सर्वश्रेष्ठ पुरुष पार्श्व गायक के लिए दो फिल्मफेयर पुरस्कार मिल चुका है। बॉलीवुड फिल्म मंगल पांडे: द राइजिंग में कई गाने गाए हैं। जिसमें उनकी कैमियो भूमिका थी। उनका मशहूर गाना कॉर्पोरेट का ओ सिकंदर है। उनके बैंड कैलासा के इसी नाम के एल्बम का गाना तेरी दीवानी और फिल्म सलाम-ए-इश्क: ए ट्रिब्यूट टू लव का गाना या रब्बा भी काफी शोहरत बटोर चुकी है। फिल्म बाहुबली 2: द कन्क्लूजन में उनका गाना जय जय कारा और जल रही है चिता लोकप्रिय गानों में शीर्ष पर है।
00 भजनों के साथ देश भक्ति गीतों से ओत प्रोत होंगे श्रोता
कैलाश खेर अपने भजनों के अलावा देश भक्ति गीतों को लेकर जाने जाते हैं। उनके गीतो को लेकर हर वर्ग के श्रोताओं में क्रेज रहता है। कैलाश खेर के संस्कारधानी आगमन से यंहा के संगीत प्रेमियों में गजब का उत्साह देखा जा रहा है। बताया गया कि कैलाश खेर कार्यक्रम के दौरान मेरी एक सुनो, अंतर्यामी, मेरी एक सुनो, भोले स्वामी, अजी, राम भजो जी, राम भजो जी, राम भजो जी, राम भजो जी, शिव का वंदन किया करो, अजी, शिव का वंदन किया करो जी, हीरे-मोती मैं ना चाहूं, मैं तो चाहूं संगम तेरा, कौन है कौन है वो, कहां से वो आया, चारों दिशाओं में, तेज सा वो छाया सहित तमाम शानदार गीत प्रस्तुत करेंगे। अपने पसंदीदा गायक को सुनने और देखने के लिए शहर सहित जिले एवं प्रदेश भर के प्रशंसकों में खासा उत्साह है।
00 विशाल दर्शक दीर्घ और व्यापक रहेगी पार्किंग
आयोजन समिति के अध्यक्ष भावेश बैद ने बताया कि आयोजन स्थल राजा बलरामदास स्टेट हाई स्कूल मैदान में दर्शकों की सुविधा के मद्देनजर व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि श्रोताओं के लिए स्टेट हाई स्कूल मैदान में अलग अलग दर्शक दीर्घा बनाई गई है। इसी तरह वाहनों की पार्किंग के लिए भी जगह अलग-अलग स्थल तय किया गया है। इसके तहत फैमली पास धारक अपने वाहनों को नगर निगम परिसर में रख कर ओवर ब्रिज के पास बने गेट से मैदान में प्रवेश करेंगे। इसी तरह गोल्डन पास धारकों को बल्देव बाग की तरफ के गेट और तहसील कार्यालय की ओर बने द्वार से प्रवेश मिलेगा। म्युनिसिपल स्कूल के सामने वाला मुख्य गेट वीवीआईपी जनों के लिए आरक्षित है। इसके अलावा कार और मोटर साइकिल की पार्किंग फ्लाई ओवर के नीचे भी की जा सकेगी।


