राजनांदगांव। दिवानभेड़ी हत्याकांड को लेकर गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। बुधवार को युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव निखिल द्विवेदी, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र यादव, युवा नेता ऋषि शास्त्री, छात्र नेता अमर झा एवं संदीप सोनी सहित टीम ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार और ग्रामीणों से मुलाकात की।
इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि जिस युवक राहुल यादव को हत्या के आरोप में जेल भेजा गया है, वह वारदात के समय घटनास्थल पर मौजूद ही नहीं था। ग्रामीणों का दावा है कि मृतक के भाई ने भी राहुल यादव के पक्ष में पुलिस को लिखित आवेदन सौंपा है, इसके बावजूद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
गांव में कड़ा बंद, दोनों पक्षों से की गई बात
टीम ने गांव के सियान, पटेल और दोनों पक्षों के परिजनों से मुलाकात कर घटनाक्रम की जानकारी ली। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि मृतक और राहुल यादव के बीच पूर्व में विवाद जरूर था, लेकिन वारदात के समय राहुल गांव में नहीं था। बावजूद इसके, पुलिस ने जल्दबाजी में कार्रवाई करते हुए उसे आरोपित बना दिया।
‘नशे का अड्डा बन रहा राजनांदगांव’ – निखिल द्विवेदी
युवा कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव निखिल द्विवेदी ने कहा कि ग्रामीणों में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर गहरा आक्रोश है। उन्होंने कहा, “एक ओर पुलिस निर्दोषों को जेल भेज रही है, दूसरी ओर असली अपराधियों को खुला संरक्षण मिल रहा है। राजनांदगांव अब नशे और अपराध का गढ़ बनता जा रहा है। पुलिस कप्तान और उनकी टीम पूर्णतः निरंकुश हो गई है।”
‘निष्पक्ष जांच की जरूरत’ – महेंद्र यादव
जिला पंचायत सदस्य महेंद्र यादव ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि राहुल यादव निर्दोष है, तो उसे तत्काल रिहा किया जाए और वास्तविक दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
राहुल यादव की रिहाई की मांग
ग्रामीणों के समर्थन में अब राजनीतिक प्रतिनिधि भी राहुल यादव की रिहाई की मांग को लेकर आगे आ रहे हैं। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
गांव में पसरा सन्नाटा, लोग डरे सहमे
घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। बुधवार को गांव में पूर्ण बंद रहा। लोग प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहे हैं और चाहते हैं कि इस संवेदनशील मामले में जल्दबाजी नहीं, बल्कि सच्चाई के आधार पर फैसला हो।

