डोंगरगढ़ मेला : सीईओ जिला पंचायत सुरूचि सिंह ने लिया पदयात्रियों की सुविधाओं का जायजा

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। क्वांर नवरात्रि के पावन अवसर पर डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में लगने वाले नवरात्रि मेले के मद्देनजर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री सुरूचि सिंह ने शुक्रवार को पदयात्रियों की सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पदयात्रा मार्ग में लगने वाले सेवा पंडालों, यात्री प्रतीक्षालयों, पेयजल और साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

सीईओ ने अंजोरा, देवादा, सोमनी, सुकुलदैहान से लेकर अछोली तक के पदयात्री मार्ग पर सेवा पंडालों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंडालों में पेयजल, बिजली, दवाई, साफ-सफाई एवं अन्य जरूरी सुविधाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।

साथ ही, पदयात्री मार्ग से लगे ग्रामों के सामुदायिक भवनों की नियमित साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीईओ ने ग्राम देवादा एवं सुकुलदैहान में निर्माणाधीन महतारी सदन का भी अवलोकन किया और गुणवत्ता पूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं देवादा में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत भवनों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए कहा।

ग्राम भानपुरी में पदयात्री मार्ग पर शेड, सामुदायिक भवन निर्माण और मेला की तैयारियों की जानकारी ली गई। मुसराकला में फिकल स्लज प्रबंधन, लोक सेवा केंद्र एवं महिला प्रशिक्षण भवन के कार्य का निरीक्षण किया गया। आश्रित ग्राम मुसराखुर्द में आदि शक्ति कुटीर और बहुउद्देशीय भवन की स्थिति का जायजा लिया गया।

कुसमी ग्राम में आदि शक्ति कुटीर का अवलोकन करते हुए सामुदायिक सोख्ता गड्ढा की सफाई के निर्देश दिए गए। माड़ीतराई में आदि शक्ति कुटीर और सामुदायिक शौचालय की स्वच्छता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। वहीं बेलगांव में शक्ति कुटीर, यात्री प्रतीक्षालय और मेला स्थल की तैयारियों का भी निरीक्षण किया गया।

इस दौरान जनपद पंचायत राजनांदगांव के सीईओ श्री मनीष साहू, जनपद पंचायत डोंगरगढ़ की सीईओ श्रीमती भगवती साहू, करारोपण अधिकारी श्री जनक शुक्ला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!