शहर में शांति भंग करने वालों पर डोंगरगढ़ पुलिस का शिकंजा

अपने दोस्तों को शेयर करें :

डोंगरगढ़। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर लगाम कसने के लिए पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के निर्देशन में डोंगरगढ़ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को अलग-अलग मामलों में चार व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170, 126 व 135 (3) के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा एवं एसडीओपी आशीष कुंजाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
डोंगरगढ़ के कश्मीरीपारा निवासी राजकुमार निषाद ने शराब के नशे में बाइक क्रमांक सीजी 08-एआर 3449 से आम लोगों को परेशान करते हुए गाली-गलौच और मारपीट की कोशिश की। लोगों द्वारा मना करने पर और अधिक उग्र हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर उसे काबू में लिया और बीएनएसएस की धाराओं में कार्रवाई की।
खंडूपारा निवासी प्रिंस निशाद ने लापरवाही से वाहन चलाकर एक राहगीर को टक्कर मार दी, जिससे विवाद की स्थिति बनी। उसने आसपास मौजूद लोगों से भी झगड़ा किया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसके विरुद्ध कार्रवाई की।
कुम्हारपारा निवासी सतीश चक्रवर्ती मटन मार्केट क्षेत्र में बिना वजह दुकानदारों और राहगीरों को गाली-गलौच कर रहा था। रोकने पर और उग्र होकर लोगों को धमकाने लगा। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की।
खुटापारा निवासी अज्जू खान ने मोहल्ले में गांजा बेचने का झूठा आरोप लगाकर लोगों को गाली-गलौच की। जब मोहल्लेवासियों ने समझाने का प्रयास किया तो वह मारपीट पर उतारू हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर शांति भंग करने के आरोप में कार्रवाई की।
थाना प्रभारी उपेंद्र शाह ने बताया कि क्षेत्र में लगातार गश्त और पेट्रोलिंग की जा रही है। संदिग्ध और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि शहर में अमन-चैन और सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!