राजनांदगांव। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्कारधानी राजनांदगांव ने देशभर में 50 हजार से 3 लाख की जनसंख्या श्रेणी में 14वां और प्रदेश में 6वां स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर सोमवार को बिलासपुर में आयोजित स्वच्छता संगम 2025 कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव की उपस्थिति में राजनांदगांव नगर निगम को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव, निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, स्वास्थ्य विभाग प्रभारी सदस्य शैंकी बग्गा, पार्षद, स्वच्छता दीदियां और सफाईकर्मी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता दीदियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान को सराहा।
उल्लेखनीय है कि गत वर्ष के सर्वेक्षण में राजनांदगांव ने देश में 79वें स्थान से छलांग लगाकर 65वां स्थान और इस वर्ष सीधे 14वां स्थान प्राप्त किया है। प्रदेश में भी 7वें स्थान से बढ़कर 6वां स्थान हासिल किया। कचरा मुक्त शहरों की सूची में थ्री स्टार रेटिंग के साथ ओडीएफ़¸ का दर्जा भी मिला है।
मुख्यमंत्री साय ने घोषणा की कि अगले वर्ष से स्वच्छता सर्वेक्षण में श्रेणीवार प्रथम स्थान पाने वाले नगरीय निकाय को 1 करोड़, द्वितीय को 50 लाख और तृतीय को 25 लाख का पुरस्कार दिया जाएगा।
महापौर यादव ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्रीए नगरीय प्रशासन मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंहए प्रभारी मंत्री विजय शर्मा और सांसद संतोष पांडे का आभार व्यक्त किया। उन्होंने निगम के अधिकारी-कर्मचारियों, स्वच्छता दीदियों और सफाईकर्मियों को बधाई देते हुए 2025-26 में टॉप-10 में स्थान पाने के लिए और मेहनत करने का आह्वान किया।
