मानपुर। विश्व आदिवासी दिवस का उत्सव मना कर लौट रहे ग्रामीणों का सफर हादसे में बदल गया। नेशनल हाईवे-930 पर ग्राम कोरकोट्टी के पास ग्रामीणों से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें आधा दर्जन से अधिक महिला-पुरुष घायल हो गए। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर में जारी है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल महिला को राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार 9 अगस्त को मानपुर ब्लॉक मुख्यालय में विश्व आदिवासी दिवस का आयोजन हुआ था। इस कार्यक्रम में मदनवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मुचर से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद सभी ग्रामीण ट्रैक्टर में सवार होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शाम को ग्राम कोरकोट्टी के पास ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कई ग्रामीणों को चोटें आईं।
सूचना मिलते ही मानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पुलिस वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को मामूली चोट होने पर छुट्टी दे दी गई, जबकि कई महिलाएं उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती हैं। एक महिला को हड्डियों में गंभीर चोट आने के चलते बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव रेफर किया गया है।
मानपुर थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिन्हा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि अस्पताल में भर्ती शेष घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य है।
